आज के समय में सोशल मीडिया सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं रहा, बल्कि कई लोगों के लिए रिश्तों की शुरुआत का जरिया भी बन गया है। ऐसा ही एक मामला बिहार के जमुई जिले से सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली और आखिरकार शादी तक पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले सूरज और सोनो थाना क्षेत्र की पूजा के बीच पिछले दो साल से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों की पहली मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी, जहां उन्होंने एक-दूसरे को फॉलो किया और धीरे-धीरे बातचीत शुरू हुई। समय के साथ यह दोस्ती गहरी होती गई और दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए।
बताया जाता है कि दोनों घंटों फोन पर बात करते थे और सोशल मीडिया पर साथ में वीडियो और रील्स भी बनाते थे। ये रील्स खासकर भोजपुरी गानों पर आधारित होती थीं, जो पहले से ही लोगों के बीच काफी पसंद की जा रही थीं।
परिजनों की जानकारी के बिना मंदिर में रचाई शादी
शुक्रवार की शाम दोनों ने बिना किसी को बताए घर छोड़ दिया और लक्ष्मीपुर स्थित प्रसिद्ध पटेश्वर नाथ शिव मंदिर पहुंच गए। वहां मंदिर के पुजारी द्वारा पूरे विधि-विधान के साथ दोनों की शादी कराई गई। इस दौरान युवक के कुछ दोस्त भी मौजूद थे, जिन्होंने इस शादी में गवाह की भूमिका निभाई।
शादी के बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग खूब देख और शेयर कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों युवक-युवती बालिग हैं, इसलिए उनकी शादी को कानूनी रूप से वैध माना जा रहा है।
यह घटना एक बार फिर यह दिखाती है कि सोशल मीडिया आज के समय में लोगों की जिंदगी पर कितना बड़ा प्रभाव डाल रहा है। जहां एक तरफ यह लोगों को जोड़ने का काम कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ऐसे मामलों में परिवार की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
इस पूरे मामले ने स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है और हर कोई इस अनोखी प्रेम कहानी के बारे में जानना चाहता है।


